लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी से डावर शादी में जा रहे परिवार पर टूटा कहर
भीषण सड़क हादसे में सास-बहू और मासूम की मौत, चालक गंभीर घायल
बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गंगापुर–जयपुर मार्ग पर खूंटला और बाढ़ कलां के बीच थड़ी टोल टैक्स के पास सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, काज़ी कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय साजिद पुत्र फखरुद्दीन अपनी बाइक से अपने परिवार के साथ डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बाइक पर साजिद के साथ उसकी 22 वर्षीय पत्नी नरगिस, एक वर्षीय मासूम बेटा अलमीर और 60 वर्षीय मां बन्नो सवार थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक निजी बस ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं बस चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गवर्नमेंट हॉस्पिटल गंगापुर सिटी पहुंचाया गया।
हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नरगिस, उसकी सास बन्नो और मासूम अलमीर को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। काफी संख्या में मृतक के रिश्तेदार, परिचित हॉस्पिटल पहुंचे और यहां पर लोगों की भीड़ जमा हुई।
वहीं, बाइक चालक साजिद गंभीर रूप से घायल है और उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वही बस के द्वारा भाई को टक्कर मारने की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला। फिलहाल मृतकों के शवों को हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भारी आक्रोश है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।र्क
