लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर सांसद संजना जाटव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अस्पतालों में सुधार पर जोर
सांसद संजना जाटव ने अस्पतालों में स्वच्छता, समय पर एम्बुलेंस उपलब्धता, और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की सुविधाओं का मूल्यांकन करने के लिए वह औचक निरीक्षण भी करेंगी।
ऊर्जा विभाग के लिए निर्देश
सांसद ने ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए कि ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। इसके अलावा ढीले तारों की मरम्मत और पुरानी लाइनों का नवीनीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियां
शिक्षा विभाग को मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निरंतर फील्ड निरीक्षण करने, और जर्जर विद्यालय भवनों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
जन औषधि केंद्रों का विस्तार
सांसद ने अधिक से अधिक स्थानों पर जन औषधि केंद्र खोलने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
जनता की समस्याओं को प्राथमिकता
संजना जाटव ने स्पष्ट किया कि जनता की अपेक्षाएं उनकी प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति तेज होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका शीघ्र समाधान करें।
बैठक में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।















































