लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रोडवेज बस चालक की जानलेवा लापरवाही!
अजमेर-जयपुर मार्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल; कार्रवाई की मांग
पीसांगन, अजमेर | स्थानीय संवाददाता- ओमप्रकाश चौधरी।
अजमेर-जयपुर हाईवे पर दौड़ती रोडवेज बस में चालक की कथित लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शाहपुरा डिपो की रोडवेज बस RJ14PH0304 का चालक हाईवे पर बस चलाते समय डैशबोर्ड पर पैर रखकर बैठा था।
बस चलाते समय डैशबोर्ड पर रखे पैर
जानकारी के अनुसार बस अजमेर से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस में सफर कर रहे पीसांगन उपखंड के पिचोलिया निवासी और पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओम सिंह राठौड़ ने चालक का वीडियो बना लिया।
वीडियो में चालक सीट पर बैठा नजर आ रहा है और उसने अपने पैर डैशबोर्ड पर रखे हुए हैं। यात्रियों का आरोप है कि हाईवे पर इस तरह बस चलाना बेहद जोखिम भरा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
‘कुछ होगा तो सवारियों का कौन होगा धणी-धोरी?’
चालक की इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए ओम सिंह राठौड़ ने सवाल उठाया कि चालक को अपनी और बस में बैठे यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा, “ड्राइवर साहब, ऐसी लापरवाही किस काम की? आपको कुछ होगा तो सरकार आपके बच्चों की सुध ले लेगी, लेकिन सवारियों का कौन होगा धणी-धोरी?”
40-50 यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
यात्रियों का कहना है कि रोडवेज बसों में बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं। ऐसे में चालक की छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। हाईवे पर बस चलाते समय डैशबोर्ड पर पैर रखना यात्रियों के लिए खतरे की स्थिति पैदा कर सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन और परिवहन विभाग से मामले की जांच कर संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
चालकों को सुरक्षा नियमों की ट्रेनिंग देने की मांग
यात्रियों का कहना है कि रोडवेज बसें आमजन के लिए परिवहन का महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में चालकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। यात्रियों ने मांग की है कि मामले की जांच के साथ सभी रोडवेज चालकों को यात्री सुरक्षा और सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
