लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर, : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दीपावली के मौके पर राज्य कार्मिकों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि देने का निर्णय लिया है। पेंशनर्स को भी इसी अनुपात में महंगाई राहत दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त विभाग के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दी गई। अब सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जुलाई 2025 से 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता या महंगाई राहत दी जाएगी। इस निर्णय से लगभग 8 लाख कार्मिक और 4.40 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
कार्मिकों को अक्टूबर 2025 के वेतन में बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान नवम्बर 2025 में किया जाएगा। इसके साथ ही 01 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक की तीन महीने की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा कर दी जाएगी। पेंशनर्स को भी 01 जुलाई 2025 से महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा।
कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में लिए गए इस संवेदनशील निर्णय से राज्य सरकार पर लगभग 1230 करोड़ रुपए का वार्षिक वित्तीय भार आएगा।
















































