लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ओमप्रकाश चौधरी | पीसांगन, अजमेर
पीसांगन। ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल और एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी, पचपदरा (बालोतरा) सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। पंचायत मुख्यालय स्थित आईटी केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का प्रसारण देखते हुए उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा चौधरी ने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी जैसी परियोजनाएं राजस्थान के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है और ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला भी ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दे रही है।
ग्रामीणों ने भी कहा कि रिफाइनरी और एयरपोर्ट जैसी बड़ी परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर प्रशासक सीमा चौधरी, वार्ड पंच तखतसिंह राठौड़, सचिव मनीष जैसवानी, कनिष्ठ सहायक कैलाशचंद मेघवंशी सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
