राजकीय नर्सिंग कॉलेज नागौर में सात दिवसीय खेल सप्ताह का शुभारंभ

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी ने किया उद्घाटन, ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

नागौर(प्रदीप कुमार डागा)राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय नागौर में गुरुवार को सात दिवसीय खेल सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी ने ध्वजारोहण कर किया।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मोहनराम चौधरी ने कहा कि नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियां स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने तथा अनुशासन का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन को नई दिशा देते हैं और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में विशिष्ट अतिथि नागौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने खिलाड़ियों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच के साथ खेलों में भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज नागौर के प्राचार्य डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि अनुशासन सफलता की पहली कुंजी है। चाहे अध्ययन हो या खेल, युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासन में रहकर निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल सप्ताह की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भामाशाह राजेश चौधरी ने खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र, शील्ड एवं ट्रॉफी प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम को एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य भंवरलाल डांगा ने भी संबोधित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य खेमाराम लोयल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि खेल सप्ताह के आयोजन में उद्योगपति सुरेश राठी एवं लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष भोजराज सारस्वत द्वारा खिलाड़ियों को खेल गणवेश निशुल्क उपलब्ध करवाए गए हैं।

कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम समन्वयक हेमंत उज्जवल ने राज्य सरकार के बजट 2026-27 में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए नए प्रावधानों की जानकारी देते हुए विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के उप प्राचार्य विनोद व्यास ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य महिपाल डूडी ने बताया कि खेल सप्ताह के पहले दिन कबड्डी प्रतियोगिता के मुकाबले आयोजित हुए।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here