लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मरम्मत के लिए रेलवे से किया समन्वय
नावा सिटी (प्रदीप कुमार डागा)। उपखंड मुख्यालय नावा सिटी के गर्ल्स स्कूल चौराहे के पास स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB संख्या-32A) की जर्जर स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर उठी जनचिंता के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए नगर पालिका ने पुलिया का निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों से संपर्क साधा है तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की पहल की है।
सोशल मीडिया पर उठे मुद्दे के बाद हरकत में आया प्रशासन
जानकारी के अनुसार नगर पालिका मंडल नावा के अधिशासी अधिकारी शिकेश कांकरिया ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिया की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों से संपर्क कर मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।
जिला प्रशासन को भेजी रिपोर्ट
नगर पालिका द्वारा जिला कलक्टर डीडवाना-कुचामन को भेजे गए पत्र में बताया गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित समाचारों में रेलवे ओवरब्रिज की खराब स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई थी। समाचारों में यह भी उल्लेख किया गया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग तथा सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिससे जनसुरक्षा का मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है।
रेलवे अधिकारियों ने दिया आश्वासन
नगर पालिका प्रशासन ने रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता, डेगाना से वार्ता की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ओवरब्रिज की मरम्मत का प्रस्ताव पहले ही उच्च अधिकारियों को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जनहित में लगातार समन्वय
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
क्षेत्रवासियों ने जताई उम्मीद
नगर पालिका की इस पहल के बाद क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने रेलवे और प्रशासन से पुलिया की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग दोहराई है।