लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। राजसमंद लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और कनेक्टिविटी को मजबूत करने को लेकर सांसद महारानी महिमा कुमारी मेवाड़ ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न लंबित रेल परियोजनाओं, नई रेल लाइनों और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सांसद ने पूर्व में उठाए गए रेल विकास प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रेल मंत्री के सामने रखीं।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने जनभावनाओं से जुड़े कांकरोली रेलवे स्टेशन के नाम परिवर्तन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही इंदौर–मेवाड़ वीर भूमि एक्सप्रेस (19316) की वापसी समय-सारिणी में संशोधन, वेरावल–हरिद्वार–वेरावल ट्रेन (09203/09204) के फेरों में वृद्धि कर सप्ताह में तीन दिन संचालन तथा मावली आने वाली ट्रेनों का विस्तार नाथद्वारा (मंडियाना) तक करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि नाथद्वारा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र की दीर्घकालिक रेल कनेक्टिविटी को देखते हुए कई नई रेल लाइन परियोजनाओं का प्रस्ताव भी रखा। इनमें देवगढ़-मदरिया से हरिपुर, कपासन से राजसमंद (वाया गिलूंड), कुंवारिया से भीलवाड़ा (वाया गंगापुर) तथा नाथद्वारा से टोडारायसिंह (वाया कोठियारा, बनेरिया, रेलमगरा, गंगापुर एवं किशनगढ़) तक नई रेल लाइनों के निर्माण की मांग शामिल रही।
इसके अलावा देवगढ़ से ब्यावर (वाया भीम-जवाजा) नई ब्रॉडगेज रेल लाइन की डीपीआर तैयार कर कार्य शुरू कराने का भी आग्रह किया गया।
सांसद ने भीम विधानसभा क्षेत्र के कामलीघाट चौराहा (देवगढ़) स्थित निष्क्रिय रेलवे ट्रैक क्षेत्र को हटाकर आमजन के आवागमन के लिए सर्विस रोड निर्माण का मुद्दा भी रेल मंत्री के सामने रखा।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि इन परियोजनाओं के साकार होने से राजसमंद क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी और व्यापार एवं उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांसद ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राजसमंद संसदीय क्षेत्र को आने वाले समय में महत्वपूर्ण रेल विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।
