लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रातीखेड़ी में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा। सरिये का नापदंड सही नहीं है, छत की छह दिन तक तराई नहीं की गई और कार्यालय में लगाई गई टाइल्स हाथ लगाते ही उखड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल मरम्मत के लिए करीब 2 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने मात्र 30 बोरी सीमेंट लगाकर काम पूरा दिखा दिया।
ग्रामीणों ने पूर्व में पीपलोदी गांव के स्कूल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण वहां जर्जर भवन गिरने से मासूम बच्चों की जान चली गई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि शिक्षा के मंदिर में किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने स्कूल स्टाफ और ठेकेदार से मांग की है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्वक किया जाए, अन्यथा वे ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे। वहीं विद्यालय शिक्षक ने भी कार्य को गुणवत्ताहीन बताते हुए जांच की मांग की है।