लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अटल बिहारी वाजपेयी एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युग, विचार और संस्कार थे : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को बिरला ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युग, एक विचार और एक संस्कार थे। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को देश की मुख्यधारा से जोड़ा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आई और आवागमन सुगम हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती भी है। अटल बिहारी वाजपेयी और चौधरी चरण सिंह दोनों ने किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वाजपेयी जी तार्किक दृष्टिकोण के धनी थे और मां भारती के प्रति उनके विचारों में गहरा राष्ट्रप्रेम झलकता था।
शर्मा ने कहा कि उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी के सानिध्य में रहकर उन्हें करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने देश और विचारधारा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। आज भारतीय जनता पार्टी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जो अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद घनश्याम तिवाड़ी एवं मंजू शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचारक प्रमुख अरुण जैन, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहे।