लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। अजमेर में राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2025 के अंतर्गत वासुदेव देवनानी ने मदार रेलवे स्टेशन से तिरुपति के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं।
देवनानी ने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस योजना का सफल संचालन कर रही है। इसके माध्यम से प्रदेश के हजारों वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
गिरीश कुमार बचानी ने बताया कि देवस्थान विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत शनिवार को मदार से तिरुपति के लिए विशेष ट्रेन सुबह 11:15 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए तिरुपति पहुंचेगी।
इस योजना के तहत कुल 1000 यात्रियों को तिरुपति की तीर्थ यात्रा पर भेजा गया है, जिनमें अजमेर संभाग से 600 और उदयपुर संभाग से 400 यात्री शामिल हैं। अजमेर संभाग में मदार रेलवे स्टेशन से 376 और भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन से 224 यात्री इस यात्रा में शामिल हुए।
यह 6 दिवसीय यात्रा है, जिसकी सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग द्वारा आईआरसीटीसी के माध्यम से कराई जा रही हैं। यात्रियों को भोजन, आवास और अन्य सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह विशेष ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित (AC) है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने तीर्थयात्रियों को सफल व मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।