लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। अजमेर के खरेकड़ी गांव के ग्रामीणों का दशकों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। गांव से ऊंचाई पर स्थित बाबा रामदेव मंदिर तक 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क की आधारशिला वासुदेव देवनानी ने रखी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने खरेकड़ी गांव में डीएमएफटी फंड से बनने वाली इस सड़क का शुभारंभ किया। करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से अब बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और बच्चे भी आसानी से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। ग्रामीणों द्वारा इस सड़क की मांग कई वर्षों से की जा रही थी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया। रामदेव बाबा मंदिर नवयुवक मंडल द्वारा देवनानी का 51 किलो फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वासुदेव देवनानी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझना और उनका समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर ऊंचाई पर स्थित होने के कारण वहां तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए काफी कठिन था, लेकिन अब सड़क बनने के बाद सभी लोग आसानी से दर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
देवनानी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई विकास कार्य चल रहे हैं। पेयजल के लिए तीन रिजर्वायर, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, गैस आधारित जीएसएस, लेपर्ड सफारी पार्क, आईटी पार्क, साइंस पार्क, मल्टीपर्पज स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर, गांधी भवन बहुमंजिला लाइब्रेरी और नगर वन जैसे कई प्रोजेक्ट अजमेर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर अजयसर उपसरपंच राम सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष दीपक, गोपाल, चीता, रजाक, पूर्व मंडल अध्यक्ष सीताराम, शक्ति प्रभारी हनुमान महाराज, नारायण, राजू, रामदेव मंदिर पुजारी पुसाराम, तेजा, साजन, बाबा रामदेव विकास समिति अध्यक्ष बशीर, पांचू, नवयुवक मंडल अध्यक्ष सलीम, गणपत, महेन्द्र खेड़ा, हेमंत, श्रवण, रमजान, जवाहर, ओम, लक्ष्मण रावत, मोहन, बहादुर, सलेमान, साजन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।