लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अंतिम यात्रा में हुए शामिल
बयाना (भरतपुर)। राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भरतपुर जिले के वरिष्ठ नेता गिर्राज प्रसाद तिवारी का 105 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है।
तिवारी का अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गांव बिड्यारी (बयाना) में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से लवकुश वाटिका, झील कवाड़ा पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से गांव पहुंचे। इस मौके पर अरुण चतुर्वेदी, गिरधारी तिवाड़ी, विधायक ऋतु बनावत और आलोक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
प्रेरणादायक रहा राजनीतिक जीवन
1920 में जन्मे गिर्राज प्रसाद तिवारी ने वकालत से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में राजनीति में कदम रखा। वे स्थानीय स्तर पर प्रधान और जिला प्रमुख रहे। इसके बाद वे दो बार विधायक चुने गए और 1985 से 1990 तक राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष पद पर आसीन रहे।
अपने कार्यकाल में उन्होंने सदन की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्षता और संयम से नेतृत्व किया। उनका संपूर्ण जीवन अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा।
हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
गिर्राज प्रसाद तिवारी की शव यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं और संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।











































