लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
133 करोड़ के नशे पर प्रहार, 2026 के लिए आधुनिक पुलिसिंग का रोडमैप
प्रतापगढ़ | सीमावर्ती जिला प्रतापगढ़ में वर्ष 2025 अपराध के विरुद्ध निर्णायक साबित हुआ। प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 133 करोड़ 39 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी के 110 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 199 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। जब्ती में 7020 किलोग्राम डोडाचूरा, 13.390 किलोग्राम अफीम, ब्राउन शुगर, एमडी पाउडर, गांजा और लिक्विड एमडीएम शामिल है। इसके साथ ही 85 वाहन भी जब्त किए गए।
‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ से तस्करों की कमर टूटी
29 जुलाई 2025 से शुरू हुए ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत केवल पांच महीनों में 77 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा।
मानवीय पहल: 53 बंधकों की सुरक्षित मुक्ति
पुलिस की मानवीय भूमिका ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत सामने आई, जिसमें इंदौर में मजदूरी के नाम पर ठगे गए और महाराष्ट्र के शोलापुर में बंधक बनाए गए आदिवासी समुदाय के 53 लोगों को सुरक्षित मुक्त कराकर उनके घर पहुंचाया गया।
सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकार
-
ऑपरेशन पंजा: सोशल मीडिया स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई, 44 स्पोर्ट्स बाइक जब्त
-
ऑपरेशन सद्भावना: थानों द्वारा स्कूल गोद लेकर शिक्षा और जागरूकता अभियान
-
साइबर अपराध नियंत्रण: पीड़ितों को 50 लाख रुपये की राशि वापस दिलाई, सैकड़ों मोबाइल नंबर व IMEI ब्लॉक
2026 के लिए आधुनिक पुलिसिंग का ब्लूप्रिंट
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने वर्ष 2026 के लिए त्रिकोणीय रणनीति की घोषणा की—
-
डेटा बेस पॉलिसी: अपराधियों का डिजिटल प्रोफाइल
-
टेक्नोलॉजिकल पॉलिसी: अत्याधुनिक तकनीक से लैस पुलिसिंग
-
कम्युनिटी पुलिसिंग: आमजन के साथ विश्वास आधारित सहयोग
प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और उप पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव भी उपस्थित रहे। यह रिपोर्ट कार्ड न केवल पुलिस की उपलब्धियों का दस्तावेज है, बल्कि अपराधियों के लिए चेतावनी और नागरिकों के लिए सुरक्षित भविष्य का भरोसा भी।
