Home latest पानी संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर...

पानी संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर फोड़े मटके

0

 

भरतपुर । भरतपुर शहर के अनिरुद्ध नगर क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने के बाद सोमवार को महिलाओं का गुस्सा जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर फूट पड़ा। नाराज महिलाओं ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मटके फोड़े और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“10 दिन से नहीं आ रहा पानी”

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी क्रांति ने बताया कि करीब 10 दिन पहले तक पानी अनियमित समय पर आता था। कभी देर रात 3 बजे तो कभी सुबह 6 बजे सप्लाई होती थी, लेकिन अब पिछले 10 दिनों से पानी पूरी तरह बंद है।

टैंकरों पर निर्भर हुए लोग

महिलाओं ने बताया कि पानी की समस्या के कारण लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। एक टैंकर के लिए करीब ₹2 हजार तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

पीने का पानी भी बाजार से खरीदना पड़ रहा है, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि पानी की कमी का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। सुबह पानी की व्यवस्था करने में काफी समय लग जाता है, जिसके कारण बच्चे स्कूल देर से पहुंच रहे हैं।

महिलाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई और चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी सप्लाई बहाल नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विभाग ने दिया आश्वासन

मामले को लेकर जलदाय विभाग के XEN केशव देव पांडे ने कहा कि विभाग के पास पहले इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची थी।

उन्होंने बताया कि सोमवार को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मंगलवार तक कॉलोनी में पानी सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सप्लाई के दौरान GPS फोटो और वीडियो भी उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version