Home accident 28 साल पुराने कांकाणी काला हिरण शिकार मामले में फिर बढ़ी हलचल

28 साल पुराने कांकाणी काला हिरण शिकार मामले में फिर बढ़ी हलचल

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 हाईकोर्ट ने 13 जुलाई दी अगली तारीख

जोधपुर । जोधपुर के चर्चित कांकाणी काला हिरण शिकार मामले में सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट में एक बार फिर सुनवाई हुई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान समेत अन्य फिल्मी कलाकारों से जुड़े इस हाईप्रोफाइल केस की सुनवाई न्यायाधीश रेखा बोराणा की अदालत में हुई।

बचाव पक्ष ने मांगा अतिरिक्त समय

सुनवाई के दौरान सलमान खान के साथ-साथ सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने अदालत से अतिरिक्त समय देने की मांग की।

बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि मामले से जुड़े कुछ दस्तावेजों और तथ्यों का अध्ययन अभी शेष है, जिसके लिए और समय की आवश्यकता है।

13 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

मामले में राज्य सरकार की अपील तथा सलमान खान की सजा के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई प्रस्तावित थी। अधिवक्ता महिपाल बिश्नोई ने बताया कि दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 13 जुलाई की तारीख निर्धारित की है।

1998 का चर्चित मामला

गौरतलब है कि वर्ष 1998 में फिल्म हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी गांव में काला हिरण शिकार का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया और पिछले करीब 28 वर्षों से अदालत में इसकी सुनवाई जारी है।

अब एक बार फिर इस बहुचर्चित केस पर लोगों की नजरें 13 जुलाई की अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं, जहां मामले में आगे की कानूनी बहस होने की संभावना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version