Home latest  पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों...

 पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों का धरना 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर | बनी सिंह मीना

पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों का धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर डटे रहे और मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

धरना स्थल को संबोधित करते हुए विधायक रामकेश मीना ने कहा कि कमांड क्षेत्र के किसानों को उनके हिस्से का पानी मिलना चाहिए। उन्होंने टोंक विधायक सचिन पायलट से आग्रह किया कि वे सकरघटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर इस मुद्दे के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करें, ताकि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।

विधायक रामकेश मीना ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना से भी अपील की कि वे गांव कोड़िया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों से चर्चा कर पांचना बांध से जुड़े विवाद के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों को मिलकर ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे कमांड क्षेत्र के किसानों को उनका हक का पानी मिल सके और क्षेत्र में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

किसानों ने प्रशासन और सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर नहरों में पानी छोड़ने की मांग दोहराई, ताकि क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version