लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— भक्तों ने दी आहुतियां, वितरित हुआ पूजन सामग्री
जयपुर । दिल्ली बाईपास रोड, जयपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में धनतेरस के पावन अवसर पर संत-महंतों के सानिध्य में महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया गया। श्री गोविंद धाम एवं मंदिर श्री गोविंद देव जी की कृपा से आयोजित इस यज्ञ में भक्तों ने देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ आहुतियां अर्पित कीं।
धर्म प्रचारक विजय शंकर पाण्डेय ने बताया कि महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में 11 कुंडीय महालक्ष्मी यज्ञ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महंत रामरज दास त्यागी सहित अनेक संत, महंत और भक्तगण उपस्थित रहे।
यज्ञ में डॉ. प्रशान्त शर्मा, रमाकांत शर्मा और दीपक शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महालक्ष्मी मंत्र एवं श्री सूक्त के जाप कर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।
श्रद्धालुओं को मिला पूजन सामग्री का प्रसाद
भक्तों को महालक्ष्मी पूजन हेतु विशेष प्रसाद वितरित किया गया जिसमें कैलाश मानसरोवर का जल, महालक्ष्मी की कौड़ी, गोमती चक्र, कमलगट्टा और पूजन सामग्री शामिल थी। इसके माध्यम से श्रद्धालु दीपावली के अवसर पर अपने घरों में महालक्ष्मी पूजन कर सकेंगे।
इस अवसर पर संत-महंतों और श्रद्धालुओं को मंदिर श्री गोविंद देव जी का दुपट्टा प्रसाद के रूप में भेंट किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और वातावरण “जय महालक्ष्मी” के जयघोष से गूंज उठा।