लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— खेल विकास पर हुई सकारात्मक चर्चा
विजय कपूर
जयपुर । राजस्थान की राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं कोच निशा लिम्बा ने आज राजभवन, जयपुर में माननीय राज्यपाल महोदय से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात प्रदेश में खेलों के विकास को लेकर प्रेरणादायक और सकारात्मक रही।
निशा लिम्बा वर्तमान में राजस्थान राज्य खेल परिषद में कॉन्ट्रैक्ट कोच के रूप में सेवाएं दे रही हैं और महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की टीम की प्रमुख खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने राज्यपाल महोदय के साथ प्रदेश में खेल सुविधाओं और मैदानों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
राज्यपाल महोदय ने विश्वविद्यालयों में खेल विकास को बढ़ावा देने और विशेषकर बीकानेर क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “युवा खिलाड़ी हमारे प्रदेश का गौरव हैं। उन्हें बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।”
निशा लिम्बा ने कहा कि यह भेंट उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही। इससे उन्हें विश्वास मिला कि प्रदेश में खेलों के उन्नयन के लिए उच्च स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। यह मुलाकात न केवल बीकानेर बल्कि सम्पूर्ण राजस्थान की खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साहवर्धक संदेश है।
