लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
ग्रामीण सेवा शिविर और स्वच्छता अभियान पर दिए निर्देश
जयपुर। रूपनारायण सांवरिया ।
पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज विभाग के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी ग्रामीण सेवा शिविर और स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
मंत्री दिलावर ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से गाँवों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामवासियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएँ सुनी जाएँ और उनका समाधान समय पर किया जाए। इसके लिए रात्रि विश्राम कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने, समस्याओं का रिकॉर्ड रखने और दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता कार्यों की प्रगति, ग्राम पंचायतों में रात्रि विश्राम की स्थिति, समस्याओं और सुधार प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मंत्री ने ग्राम पंचायतों को पूरी तरह स्वच्छ बनाने, रोजमर्रा की सफाई सुनिश्चित करने, प्लास्टिक उपयोग को कम करने तथा सफाई निरीक्षण की रिपोर्ट समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम, निदेशक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सलोनी खेमका, निदेशक जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग मोहम्मद जुनेद, अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त निदेशक बृजेश चंदोलिया, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री दिलावर ने कहा कि रात्रि विश्राम करने वाले अधिकारियों को ग्रामवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने इसे ग्राम विकास और प्रशासन में विश्वास निर्माण का प्रभावी साधन बताया।