लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। 16वीं विधानसभा के पंचम सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल के बाद मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने अपने पहले 24 महीनों में शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों में ऐतिहासिक और बहुगुणित प्रगति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां कांग्रेस सरकार के समान कालखंड की तुलना में कहीं अधिक प्रभावशाली रही हैं।
कृषि व पशुपालन में उल्लेखनीय उपलब्धियां
मंत्री चौधरी ने बताया कि नहरी तंत्र से सिंचाई सुविधा का विस्तार 99 हजार 562 हेक्टेयर तक किया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के पहले 24 महीनों में यह मात्र 17 हजार 448 हेक्टेयर था। फार्म पोंड निर्माण 35 हजार 368 तक पहुंचा और किसानों को 303 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया।
इसके अलावा खेतों पर 344 लाख मीटर तारबंदी, 9 लाख 68 हजार वर्ग मीटर शेडनेट हाउस, 98 हजार 753 किसानों को पाइपलाइन अनुदान और 13 लाख 90 हजार स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए। पशुपालन क्षेत्र में पशु चिकित्सालयों का क्रमोन्नयन किया गया और गोशालाओं को 3 हजार 433 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।
महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और युवाओं पर फोकस
मंत्री ने बताया कि राजीविका स्वयं सहायता समूहों को 5 हजार 492 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। 39 हजार 860 छात्राओं को छात्रवृत्ति और 61 लाख 50 हजार महिला कृषकों को बीज मिनीकिट वितरित किए गए।
युवाओं के लिए 3 लाख 41 हजार को कौशल प्रशिक्षण, 88 हजार 724 विद्यार्थियों को टैबलेट/लैपटॉप और 10 लाख 51 हजार विद्यार्थियों को साइकिलें दी गईं। शिक्षा क्षेत्र में बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना से 36 हजार 140 छात्राएं लाभान्वित हुईं, जबकि कांग्रेस सरकार के पहले 24 महीनों में इस योजना का कोई लाभार्थी नहीं था।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में 185 राजकीय महाविद्यालय भवनों का निर्माण हुआ, जबकि पूर्व सरकार के पहले 24 महीनों में केवल 21 भवन बने थे। साथ ही 21 नए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, 17 संस्कृत महाविद्यालयों का आचार्य स्तर पर क्रमोन्नयन और 229 प्रवेशिका संस्कृत विद्यालयों में वरिष्ठ उपाध्याय पदों का क्रमोन्नयन किया गया।
आवास, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य
मंत्री चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 79 हजार 27 मकानों को स्वीकृति दी गई। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना में 79 हजार 698 लाभार्थियों को लाभ मिला, जबकि स्वास्थ्य बीमा योजना में 36 लाख 94 हजार लोगों को शामिल किया गया।
ऊर्जा, सड़क और आधारभूत संरचना
ऊर्जा और अधोसंरचना के क्षेत्र में 16 हजार 430 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण, 1 हजार 698 गांवों को सड़क संपर्क, 9 हजार 104 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया। बिजली उत्पादन क्षमता में 7 हजार 395 मेगावाट की वृद्धि हुई।
इसके अलावा 400 केवी के 2 और 132 केवी के 43 नए सब-स्टेशन स्थापित किए गए। नवीकरणीय ऊर्जा के लिए 98 हजार 894 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई तथा कुसुम-A और कुसुम-C योजनाओं के तहत हजारों मेगावाट क्षमता स्थापित की गई।
ग्रामीण विकास में तेजी
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में 2 हजार 281 नए राजस्व ग्रामों का सृजन किया गया और 41 हजार 37 ओडीएफ-प्लस गांव विकसित किए गए।
मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि वर्तमान सरकार के पहले 24 महीनों में विकास की गति, निवेश और लाभार्थियों की संख्या कांग्रेस सरकार के समान कालखंड की तुलना में कहीं अधिक रही है और राज्य समग्र विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
