लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अभिभावकों ने की प्रधानाचार्य हटाने की मांग
श्रीगंगानगर। जिले के उपखंड श्रीकरणपुर स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल में बालिका दिवस पर छात्रा को थप्पड़ मारने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। नपा के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक गरुड़ा की पुत्री से जुड़े इस प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी सोमवार को स्कूल पहुंची।
स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य जसविन्द्र कौर के अवकाश पर होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, सीबीईओ अंजू द्वारा पहले ही उनका अवकाश निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद स्कूल स्टाफ ने प्रधानाचार्य के अस्वस्थ होने के कारण उपस्थित नहीं होने की बात कही। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआई रजीराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे।
राष्ट्रीय जन परिवर्तन मंच के संयोजक बलदेव सैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक व समाजसेवी स्कूल पहुंचे। श्योपत रेवाड़, नरेश मित्तल, राजेन्द्र भादू, रविन्द्र रस्सेवट, अंकुर छाबड़ा, रणवीर सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कमेटी को लिखित बयान सौंपे।
अभिभावकों और समाजसेवियों ने प्रधानाचार्य जसविन्द्र कौर को तत्काल हटाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जांच कमेटी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
