लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डाक विभाग के ‘राखी से रक्षा’ अभियान में सरकारी और निजी विद्यालयों की छात्राओं ने लिया उत्साह से हिस्सा
पादूकलां, नागौर। सैनिक भाइयों के सम्मान और उनके प्रति बहनों का स्नेह पहुंचाने के उद्देश्य से पादूकलां की बेटियों ने देशभक्ति की मिसाल पेश की। डाक विभाग के ‘राखी से रक्षा’ अभियान के तहत सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों की छात्राओं ने सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए 101 रक्षा सूत्र एकत्रित किए।
अभियान के तहत डाक विभाग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं को अभियान से जोड़ा और उन्हें सैनिकों के लिए रक्षा सूत्र भेजने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सीमा पर देश की रक्षा में तैनात सैनिक भाइयों के लिए राखियां प्रदान कीं।
सैनिकों तक पहुंचेगा बहनों का स्नेह
‘राखी से रक्षा’ अभियान का उद्देश्य देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक बहनों का स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं पहुंचाना है। छात्राओं ने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर अपना कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके लिए रक्षा सूत्र भेजना गर्व और सम्मान की बात है।
पादूकलां की छात्राओं की इस पहल से विद्यालयों में देशभक्ति और सामाजिक सरोकार की भावना भी देखने को मिली। 101 रक्षा सूत्रों के संग्रह ने अभियान को विशेष बना दिया।