लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां में पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह, धार्मिक स्थलों पर होंगे विभिन्न आयोजन
पादूकलां। ईद मिलादुन्नबी यानी बारावफात का पर्व आज अकीदत और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या पर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह नजर आया। मस्जिदों, मदरसों और मकानों को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
सदर बाजार स्थित मदीना मस्जिद, अजमेर रोड स्थित नूरानी मस्जिद एवं मदरसा, कादरी मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर आकर्षक रोशनी की गई है। रात के समय रोशनी से जगमगाते मस्जिद-मदरसे और मकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
धार्मिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
मदीना मस्जिद के मौलाना हाजी साबिर हुसैन, नूरानी मस्जिद के मौलाना अल्ताफ हुसैन, मौलाना राशिद हुसैन एवं मौलाना अब्दुल रहीम ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा मानवता, प्रेम और भाईचारे के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पर्व को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह है। धार्मिक स्थलों पर होने वाले आयोजनों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, कस्बे में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।