लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ओ मारी ओ दशा माता… गूंजे भक्ति के स्वर
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। जिले के गांवों और कस्बों में दशा माता का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। इस दौरान “ओ मारी ओ दशा माता…” जैसे पारंपरिक भजनों की मधुर गूंज से माहौल भक्तिमय हो उठा। महिलाएं गले में वेल धारण कर अपने परिवार के मंगल और खुशहाली की प्रार्थना करती नजर आईं।
जानकारी के अनुसार, गायत्री शर्मा और रतनी शर्मा ने बताया कि महिलाएं सुबह स्नान-ध्यान के बाद नए परिधान पहनकर सोलह श्रृंगार से सजधज कर हाथों में पूजन की थाली लेकर पीपल के पेड़ स्थित दशा माता स्थानक पर पहुंचीं। वहां उन्होंने पारंपरिक गीत गाते हुए विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और पीपल के पेड़ पर धागा लपेटकर परिक्रमा की। इसके बाद पास में कंकड़ों से पथवारी बनाकर पूजा संपन्न की और गले में वेल धारण कर परिवार की सुख-शांति की कामना की।
इसी प्रकार गोवलिया, देवली, गलवा, उलपुरा, रकमपुरा, कुंवारिया, फियावड़ी, मादड़ी, लालपुर, पिपली अहिरान, लापस्या सहित आसपास के गांवों में भी महिलाएं समूह में गीत गाते हुए दशा माता स्थानों पर पहुंचीं। उन्होंने कथा सुनकर पूजा-अर्चना की और अपने घर-परिवार में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की।