Home latest अजमेर में गर्मी से पहले पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश:  देवनानी

अजमेर में गर्मी से पहले पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश:  देवनानी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर

अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग को सख्त हिदायत दी है कि गर्मी के मौसम में अजमेर शहर में जलापूर्ति किसी भी स्थिति में 48 घंटे से अधिक बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड में रहें और लगातार मॉनिटरिंग करें। जेईएन और एईएन अधिकारियों के कामकाज में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई और आमजन के हितों को गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया।

देवनानी ने सर्किट हाउस में जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर इस बार गर्मी जल्दी शुरू होने और जुलाई तक मौसम गर्म रहने के कारण पानी की बढ़ती खपत को चुनौती भरा बताया। उन्होंने कहा कि अजमेर को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए और इसमें कोई कमी बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में उन्होंने अमृत योजना 2.0 की प्रगति, ग्राम माकड़वाली और लोहागल में नवनिर्मित टंकी से जल आपूर्ति की स्थिति, बोराज रावत नगर, ईदगाह और मिलिट्री स्कूल की टंकी से सप्लाई की प्रगति, वरूण सागर से फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन की स्थिति और लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जानकारी ली।

अधिकारियों ने जोन के अनुसार बल्क मीटर की स्थिति, नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति हेतु बजट घोषणा अनुसार डीपीआर तैयार करने की जानकारी दी। देवनानी ने बजट 2025-26 के तहत अजमेर शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना (फेज-द्वितीय) के कॉमन इंटेक वेल, रॉ वाटर ट्रांसमिशन लाइन, जल शोधन संयंत्र एवं स्वच्छ जलाशय निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

इसके अलावा उन्होंने 270 करोड़ रुपये की लागत से सर्विस रिज़र्वायर निर्माण, नसीराबाद से नौसरघाटी-कोटड़ा क्षेत्र तक पाइपलाइन, केकड़ी क्षेत्र में 24.81 करोड़ रुपये की पाइपलाइन, गोयला से नसीराबाद के मध्य 34.95 करोड़ रुपये की पाइपलाइन, थड़ोली, केकड़ी, गोयला और नसीराबाद पंप हाउस को डबल फीडर से जोड़ने और बीसलपुर पेयजल योजना के अजमेर (फेज-3) एवं जयपुर (फेज-2) के कॉमन इंटेक व ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड़, राजीव सुगोत्रा, सुनील बाकलीवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version