लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजसमंद (झोर)।
शारदीय नवरात्रि महोत्सव के तहत झोर गांव के सदर बाजार में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। रोजाना एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। यह आयोजन 5 अक्टूबर तक चलेगा।
धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर का मंचन
महोत्सव के दसवें दिन जयसियाराम मित्र मंडल झोर की युवा टीम ने गरबा पांडाल में धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया।
भगवान परशुराम और लक्ष्मण के संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने शिव धनुष भंग किया, पंडाल “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। मंचन के बाद भगवान श्रीराम की आरती की गई।
लोक परंपरा और भक्ति का संगम
कार्यक्रम से पूर्व युवा कलाकार सुभाष सुवालका ने भैरूजी बावजी की झांकी प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं, गोपाल जाट एंड पार्टी द्वारा गांडुलिया लोहार की लोक प्रस्तुति ने भी लोगों को रोमांचित किया।
धार्मिक आस्था और लोक परंपरा से जुड़े इन आयोजनों ने ग्रामीणों और नगरवासियों को गहरे भाव में डुबो दिया।
रोजाना गरबा नृत्य का आयोजन
बताया गया कि प्रतिदिन मुख्य कार्यक्रम से पूर्व गरबा पांडाल में महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या हिस्सा ले रही है। गरबा नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने नवरात्रि महोत्सव को और भी जीवंत बना दिया है।
झोर और आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज़ के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर भक्ति और उत्सव का आनंद ले रहे हैं।











































