लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कल्याणपुर में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
संगठनात्मक मतभेद भी आए सामने
समदड़ी ,बालोतरा | (प्रेम सोनी) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी का पदभार ग्रहण करने के बाद बालोतरा जिले का पहला दौरा शुक्रवार को हुआ। इस दौरान समदड़ी क्षेत्र के कल्याणपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कल्याणपुर प्रधान श्रवणसिंह राजपुरोहित एवं भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य व अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता शमीम खान ने कैलाश चौधरी का साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में दिखे संगठनात्मक मतभेद
हालांकि स्वागत कार्यक्रम के दौरान कल्याणपुर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल जाखड़ और युवा मोर्चा अध्यक्ष जेरूप पटेल के बीच आपसी मतभेद भी सामने आए, जिससे कुछ समय के लिए असहज स्थिति बन गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी कल्याणपुर दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की उपस्थिति में इन नेताओं के बीच मतभेद सार्वजनिक हो चुके हैं। यह घटनाक्रम स्थानीय भाजपा इकाई में आंतरिक संगठनात्मक चुनौतियों की ओर संकेत करता है।
पहले दौरे को लेकर रहा विशेष महत्व
कैलाश चौधरी का यह दौरा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद बालोतरा जिले का पहला दौरा होने के कारण विशेष महत्व रखता है। इसे लेकर जिला संगठन में उत्साह देखा गया।
वहीं, कार्यकर्ताओं के बीच उनकी केंद्रीय मंत्री पद की पृष्ठभूमि को देखते हुए इस नई जिम्मेदारी को लेकर प्रमोशन या डिमोशन जैसे राजनीतिक कयासों की भी चर्चा होती रही।
