Home latest राजस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर की अपार संभावनाएं: अश्विनी वैष्णव

राजस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर की अपार संभावनाएं: अश्विनी वैष्णव

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में राजस्थान के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं और डबल इंजन सरकार निवेशकों को पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि देश में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर सेक्टर संवाद कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा के साथ उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में देशभर में 450 फैक्ट्रियों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

भिवाड़ी में शुरू हुआ पहला सेमीकंडक्टर क्लस्टर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में इसी माह भिवाड़ी में पहला सेमीकंडक्टर क्लस्टर शुरू किया गया है। 50 एकड़ में विकसित इस परिसर में प्रतिवर्ष लगभग 6 करोड़ चिप्स का उत्पादन होगा। उन्होंने बताया कि अब तक 20 कंपनियों से 1200 करोड़ रुपये से अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बेहतर इकोसिस्टम के लिए राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू की है। साथ ही राजस्थान इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी और राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम 2024 के जरिए निवेशकों को पूंजीगत सब्सिडी, ब्याज अनुदान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

‘ट्रिपल-एस फैक्टर’ बनेगा ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का “ट्रिपल-एस फैक्टर” — सिलिका, स्किल और सोलर — सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए बड़ा वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र को “सिलिकॉन वैली ऑफ राजस्थान” के रूप में विकसित किया जा रहा है।

रोजगार और निवेश पर जोर

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सेमीकंडक्टर आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बन चुका है। राज्य सरकार निवेशकों को बिजली शुल्क छूट, स्टांप ड्यूटी राहत, पूंजीगत सब्सिडी और कस्टमाइज्ड पैकेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों पर प्रस्तुतीकरण दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version