लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं को संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश
मेड़ता सिटी। ग्राम कूम्पड़ास में वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया की 521वीं जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महिमा कुमारी मेवाड़ एवं विश्वराज सिंह मेवाड़ ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज की गौरवशाली परंपरा, इतिहास एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।
युवाओं को संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश
नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और बदलते समय के साथ आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा के संतुलन से ही समाज को नई दिशा मिल सकती है।
वहीं राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि एआई और तकनीक के इस दौर में नई पीढ़ी का अपनी जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
वीरता और समाज सेवा को किया याद
दोनों जनप्रतिनिधियों ने वीरवर राव चांदा जी मेड़तिया के शौर्य, समाज सेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कई जनप्रतिनिधि और समाजजन रहे मौजूद
समारोह में राजेंद्र राठौड़, लक्ष्मणाराम कलरू, रेवंतराम डांगा तथा हनुमान सिंह खांगटा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।