लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
6 किलो 30 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद, बाइक जब्त
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह (ब्यूरो चीफ)।
श्रीगंगानगर | श्रीगंगानगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन के निर्देशन में पदमपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 किलो 30 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगनदीप सिंह पुत्र बिल्लू सिंह और मुकेश कुमार पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
CI सुमन जयपाल की टीम ने दी कार्रवाई को अंजाम
यह कार्रवाई CI सुमन जयपाल के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तस्करों को पकड़ा गया, जिससे क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
CO पुष्पेंद्र सिंह के सुपरविजन में जांच
पूरे मामले की कार्रवाई CO पुष्पेंद्र सिंह के सुपरविजन में की गई है। मामले की आगे की जांच घमुड़वाली CI राजेंद्र सिंह चारण को सौंपी गई है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं और नशा तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को देकर सहयोग करें।
