लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरओ गोविंद सिंह भींचर की अध्यक्षता में बैठक, भाजपा-कांग्रेस-आरएलपी प्रतिनिधियों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी; एक से अधिक वार्डों से नामांकन पर भी समझाए नियम
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) नगर परिषद निर्वाचन-2026 को लेकर बुधवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया, मतदाता सूची, राजनीतिक दलों के टिकट एवं चुनाव चिन्ह, आदर्श आचार संहिता सहित चुनाव से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में तहसीलदार नरसिंह टाक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे।
भाजपा की ओर से प्रतिनिधि एवं संपर्क प्रमुख डॉ. पवन श्रीमाली, एडवोकेट, आरएलपी की ओर से तिलोकराम, एडवोकेट तथा कांग्रेस की ओर से दिलफराज खान बैठक में उपस्थित रहे।
27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
रिटर्निंग अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त 2026 को निर्वाचन की लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
निर्धारित कार्य दिवसों में 27 अगस्त से 31 अगस्त तक नामांकन पत्र प्राप्त एवं जमा किए जाएंगे। 27 और 29 अगस्त को शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे, जबकि 31 अगस्त को अंतिम तिथि होने के कारण दोपहर 3 बजे के बाद कोई नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 3 सितंबर 2026 को अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित है। 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
भाजपा-कांग्रेस-आरएलपी प्रतिनिधियों को दिए नमूना प्रपत्र
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नामांकन पत्रों के नमूना प्रपत्र भी उपलब्ध करवाए गए। इसका उद्देश्य संभावित अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र भरने और प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध करवाना है।
राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के पार्टी प्राधिकरण, टिकट और चुनाव चिन्ह से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया तथा निर्धारित समय सीमा के बारे में भी प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।
एक से अधिक वार्ड से नामांकन कर सकते हैं, लेकिन चुनाव एक से
बैठक में एक महत्वपूर्ण नियम को लेकर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट जानकारी दी गई। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि कोई व्यक्ति एक से अधिक वार्डों से नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है, लेकिन अंतिम रूप से केवल एक ही वार्ड से चुनाव लड़ सकता है।
यदि किसी अभ्यर्थी ने दो, तीन या उससे अधिक वार्डों से नामांकन किया है तो अभ्यर्थिता वापस लेने की निर्धारित अवधि के दौरान उसे अन्य वार्डों से नामांकन वापस लेकर केवल एक वार्ड में अपनी अभ्यर्थिता कायम रखनी होगी।
यदि अभ्यर्थी एक से अधिक वार्डों में अपनी अभ्यर्थिता कायम रखता है तो उसके नामांकन पत्र निर्वाचन नियमों के अनुसार खारिज हो सकते हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इस संबंध में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
29 अगस्त को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
मतदाता सूची को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 29 अगस्त 2026 को किया जाना है।
अंतिम सूची प्रकाशित होने तक अप्रैल 2026 में प्रकाशित मतदाता सूची में दर्ज भाग संख्या एवं क्रमांक को आधार माना जाएगा। अंतिम प्रकाशन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत जोड़े या हटाए गए नामों के अनुसार आवश्यक परिवर्तन किए जाएंगे।
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी संभावित अभ्यर्थियों को अपने नाम के साथ-साथ प्रस्तावकों के नाम, वार्ड, भाग संख्या और क्रमांक का भी दोबारा मिलान करने की सलाह दी गई।
नामांकन के दौरान पांच से ज्यादा लोगों को प्रवेश नहीं
बैठक में नामांकन प्रक्रिया के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर भी निर्देश दिए गए। बताया गया कि नामांकन प्रस्तुत करते समय रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी के साथ पांच से अधिक व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
निर्वाचन कार्यालय और उसके आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सहयोग करने को कहा गया।
राजनीतिक दलों ने पूछे कई सवाल
बैठक में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची में नाम एवं क्रमांक, नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, प्रस्तावक, पार्टी टिकट, चुनाव चिन्ह और एक से अधिक वार्डों से नामांकन सहित विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे।
रिटर्निंग अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों का बिंदुवार जवाब देते हुए निर्वाचन नियमों और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी।
आदर्श आचार संहिता की पालना के निर्देश
रिटर्निंग अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, उनके प्रतिनिधियों और संभावित अभ्यर्थियों से निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम, समय सीमा, निर्वाचन नियमों और आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने को कहा।
निर्वाचन से संबंधित जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए स्थापित कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किए गए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों की पालना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। राजनीतिक दलों से भी निर्वाचन कार्यक्रम के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों और समय सीमा का पालन करने का आह्वान किया गया।