लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जर्जर सड़क से उड़ रही गिट्टी, दुकानों के बाहर बैठे लोगों को चोट लगने का आरोप; सोशल मीडिया के जरिए कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
कठूमर, अलवर। (रिपोर्टर संजीव बंसल)
कठूमर नगर पालिका क्षेत्र में मुख्य बाजार स्थित लक्ष्मणगढ़ रोड की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। लक्ष्मणगढ़ बस स्टैंड से पहले बाजार की ओर आने वाले रास्ते पर सड़क जगह-जगह खराब हो चुकी है। सड़क पर बिखरी गिट्टी और उखड़ी सतह के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ सड़क किनारे दुकानदार और ग्राहक भी परेशान हैं।
वाहनों से उछलती गिट्टी बन रही खतरा
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जर्जर सड़क से जब वाहन गुजरते हैं तो सड़क पर पड़ी गिट्टी तेज गति से उछलकर आसपास तक पहुंचती है। कई बार गिट्टी दुकानों के बाहर बैठे दुकानदारों और ग्राहकों को लग चुकी है, जिससे लोग चोटिल भी हुए हैं।
सड़क की खराब स्थिति के कारण बाजार में दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि दिनभर वाहनों की आवाजाही के चलते यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर शिकायत, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक सड़क की समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दुकानदारों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
दुकानदारों ने जल्द मरम्मत की मांग की
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि लक्ष्मणगढ़ बस स्टैंड से बाजार की ओर आने वाली सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को राहत मिल सके।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते इस जर्जर सड़क की सुध लेकर समस्या का समाधान किया जाएगा?