लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जिला: डीडवाना | लोकेशन: नावा | रिपोर्टर: मनीष पारीक
डीडवाना जिले के नावा में श्री श्याम परिवार सेवा समिति के अष्ठम वार्षिकोत्सव पर शनिवार को भक्तिभाव से ओत-प्रोत भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बाग के गणेश मंदिर से प्रारंभ हुई इस कलश यात्रा में 300 सजी-धजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नाचते-झूमते हुए भाग लिया।
कलश यात्रा की शुरुआत गणेश मंदिर में बाबा श्याम की महाआरती से हुई। इसके बाद शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड स्थित सांभरिया भवन पहुँची। इस दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। स्थानीय कलाकारों ने श्याम बाबा के मधुर भजनों से वातावरण को भक्ति रस में रंग दिया, जिनकी धुन पर भक्तगण झूमने से स्वयं को नहीं रोक पाए।
सांभरिया भवन पहुँचकर बाबा श्याम की पूजा-अर्चना की गई और कलशों की स्थापना संपन्न हुई। समिति सदस्य गौतम खण्डेलवाल ने बताया कि रविवार को वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। साथ ही बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा और छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा।
