लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
सांसद मंजू शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के सपने को साकार करने की दिशा में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य हर भारतीय को सक्षम और स्वावलंबी बनाना है ताकि देश के विकास में सक्रिय भागीदारी हो सके।
स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार पर फोकस
सांसद शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने, कौशल विकास और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्राथमिकता देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत “लोकल को वोकल” बनाने से होती है। युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
15 सितंबर से 25 दिसंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत राजस्थान में 15 सितंबर से 25 दिसंबर तक व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, प्रभात फेरी, मशाल यात्रा, नुक्कड़ नाटक, किसान मार्च, संत सम्मेलन, महिला सूक्ष्म उद्यमी सम्मेलन, आत्मनिर्भर भारत संकल्प सेमिनार और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है। मिट्टी के दीयों से लेकर सेना के हथियार तक भारत में बनाए जा रहे हैं। कोरोना काल में देश ने स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर न सिर्फ अपनी जनता को सुरक्षित किया बल्कि विदेशों को भी आपूर्ति की।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के दौरान हर नागरिक को स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों को स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि हम अपनी रसोई से ही स्वदेशी उत्पादों का उपयोग शुरू करें और देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।