लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
100 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, युवाओं को समाजहित में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए किया प्रेरित
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा)
कंसारा समाज नागौर के तत्वावधान में कंसारा समाज महासभा का राज्य स्तरीय द्वितीय प्रतिभा सम्मान समारोह पारीक भवन, बालसमंद में आयोजित हुआ। समारोह में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों, विशिष्ट योग्यताधारियों, समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं वरिष्ठजनों का समाज की राज्य स्तरीय कार्यकारिणी की ओर से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र देवड़ा रहे। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए बुद्धिजीवियों ने वर्तमान परिदृश्य में समाज की स्थिति, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता को लेकर अपने विचार रखे।
युवाओं को दी अग्रणी भूमिका निभाने की प्रेरणा
विमलेश कंसारा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाज की कार्यकारिणी की ओर से युवाओं को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही समाज की मातृशक्ति की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में कंसारा समाज की कार्यकारिणी एवं युवा संगठन की सक्रिय भूमिका रही। समारोह के दौरान 100 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। युवा टीम ने युवा अध्यक्ष जितेंद्र देवड़ा के मार्गदर्शन में आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
भागीरथ देवड़ा ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन भागीरथ देवड़ा ने किया। समारोह के समापन अवसर पर कंसारा समाज के अध्यक्ष नरेश सोलंकी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, समाजजनों और आयोजन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नरेंद्र, कैलाश सहित समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे मौजूद रहे।