लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर: एनडीपीएस प्रकरणों में लिप्त तस्कर के अवैध निर्माण पर प्रशासन की कठोर कार्रवाई
प्रदीप डागा संवाददाता
नागौर। जिले में अवैध नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। अठीयासन निवासी कुख्यात नशा तस्कर गोपाल विश्नोई, जिसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत तीन प्रकरण पंजीबद्ध हैं, द्वारा अवैध रूप से निर्मित आवासीय भवन को आज ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के तहत गिराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागौर मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार संपन्न की गई। मौके पर प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी जतिन जैन एवं सुश्री अदिति उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्रवाई के दौरान जिले भर से पुलिस बल का भारी जाब्ता तैनात किया गया तथा संपूर्ण क्षेत्र को घेराबंदी कर पूर्ण रूप से सुरक्षित किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।