लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना, मंदिर परिसर में नवनिर्मित पक्षीघर का उद्घाटन
डीग/जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को डीग स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, प्रगति और कल्याण की कामना की।
शर्मा ने सपरिवार श्रीनाथ जी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का उपयोग किया गया। इससे पहले मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए अनुष्ठान में उन्होंने श्रीनाथ जी के मुकुट और मुखारबिंद का विशेष श्रृंगार एवं पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने जतिपुरा पर संत-साधुओं को भोजन और प्रसादी भी ग्रहण करवाई।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पक्षीघर का उद्घाटन किया
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नवनिर्मित पक्षीघर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मूक प्राणियों का संरक्षण मानव का परम धर्म है। यह पक्षी-घर क्षेत्र के पक्षियों के लिए दाना-पानी और सुरक्षित आश्रय का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे मंदिर और परिसर के सौंदर्य और धार्मिक महत्त्व का ध्यान रखते हुए पक्षियों और अन्य जीवों के संरक्षण में सहयोग करें।