लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एसीबी की बड़ी कार्रवाई:
जयपुर | राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नीमकाथाना, जिला सीकर में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर हेड कांस्टेबल राजेश कुमार (HC नं. 171) को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सीकर इकाई द्वारा की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सीकर को शिकायत मिली थी कि राजेश कुमार, परिवादी के भाईयों के खिलाफ दर्ज प्रकरण संख्या 406/2025 में उन्हें आरोपी न बनाने के एवज में 10,000 रुपये पहले ही ले चुके थे और शेष 10,000 रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 01 जनवरी 2026 को ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कार्रवाई का विवरण
एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस-तृतीय राजेश सिंह के सुपरविजन में और एसीबी सीकर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में आरोपी को ट्रेप कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार होने पर आरोपी से रिश्वत राशि जब्त की गई।
पूछताछ और आगे की कार्यवाही
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
यह कार्रवाई राज्य में सरकारी कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देती है और एसीबी की सतत निगरानी और सक्रियता को दर्शाती है।
