लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रवासी राजस्थानी दिवस के लोगो का अनावरण किया। गत वर्ष दिसंबर में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। इस साल प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन जयपुर में 10 दिसंबर को किया जाएगा।
हैदराबाद में प्रवासी राजस्थानी मीट
मुख्यमंत्री ने 26 सितंबर को हैदराबाद में होने वाली प्रवासी राजस्थानी मीट की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम से प्रवासी राजस्थानियों, निवेशकों और सरकारी प्रतिनिधियों को साझा मंच मिलेगा, जिससे आपसी संबंध मजबूत होंगे और औद्योगिक सहयोग व निवेश की नई संभावनाएं विकसित होंगी।
प्रदेश में निवेश और विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं, औद्योगिक नीतियों और नवाचारों की जानकारी प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे प्रदेश में निवेश कर राज्य के विकास में भागीदार बन सकें।
सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
बैठक में यह भी बताया गया कि कार्यक्रम में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मीट की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर जानकारी दी।
इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।













































