लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
डीग/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सपरिवार डीग स्थित श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने गोवर्धन पर्वत की लगभग 21 किलोमीटर लंबी सप्तकोसीय परिक्रमा भक्तिभाव से पूरी की।
मुख्यमंत्री ने सामान्य श्रद्धालुओं की भांति ‘पांच दंडवती’ (साष्टांग प्रणाम) करके ब्रज की पावन धरा पर गिरिराज जी महाराज की परिक्रमा प्रारंभ की। इस दौरान उन्होंने मुखारविंद, मानसी गंगा और दानघाटी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की। 
भक्तों का उमड़ा जनसैलाब
परिक्रमा मार्ग में मुख्यमंत्री का स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में लोग हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने भी सभी से आत्मीयता के साथ रामा-श्यामा का अभिवादन किया। परिक्रमा मार्ग में भक्तों के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
हैलीपेड पर की गई अगवानी
इससे पहले गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जनप्रतिनिधिगण और अधिकारियों ने पूंछरी का लौठा स्थित हैलीपेड पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री की यह भक्ति यात्रा प्रदेशवासियों के लिए आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखती है और धार्मिक परंपराओं को मजबूती देती है।