लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां सिटी। समाजसेवा और शिक्षा उत्थान के लिए प्रसिद्ध भामाशाह मोर परिवार ने रविवार को विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की मांग के अनुसार 10 लाख रुपए की लागत से नए कार्य कराने की घोषणा की। निरीक्षण के दौरान कांता मोर, नीलम मोर, रमेश चंद्र मोर और गोपाल मोर मौजूद रहे।
व्याख्याताओं उत्तम कुमार मेव और रामकिशोर बासिता ने बताया कि मोर परिवार विद्यालय में बालक–बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, यूरिनल और स्नानघर निर्माण करवा रहा है। इसी दौरान विद्यार्थियों ने स्वचालित चपाती मेकिंग मशीन, ऊपरी तल पर यूरिनल और प्रार्थना स्थल के लिए बड़े पंखों की आवश्यकता जताई। छात्रों की मांग पर भामाशाह परिवार ने इन्हें इसी सत्र में पूरा कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पं. शिवदत्त शर्मा, दुर्गाप्रसाद बोहरा, स्वाति बंसल, कुसुम लड्ढा, मोनिका साबू, राधेश्याम अग्रवाल, किरण अग्रवाल, अल्पना अग्रवाल और कौशल्या छिपा सहित कई वक्ताओं ने मोर परिवार के कार्यों को विद्यालय की वास्तविक आवश्यकता आधारित और प्रेरणादायक बताया।
व्याख्याता कविता शर्मा और सुशीला कुमावत ने 10 लाख रुपए की स्वीकृति के लिए भामाशाह राजकुमार मोर और शालिनी मोर का आभार जताया। कांता मोर ने कहा कि परिवार आगे भी विद्यालय के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानाचार्य दीपक कुमार गौर और उपप्रधानाचार्य महेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मोर परिवार अब तक विद्यालय में 1 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्य करवा चुका है।
अंत में छात्र शुभम कुमावत ने आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में विद्यालय सेवा के संकल्प की घोषणा की, जिसकी रमेश चंद्र मोर सहित सभी अतिथियों ने सराहना की।
विद्यार्थियों ने अपनी मांगों के पूरा होने की खुशी में मोर परिवार के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली।