लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
“जनाधारहीन कांग्रेस अब आधारहीन मुद्दों पर बयानबाजी कर रही है”
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। बगड़ी ने कहा कि जनता द्वारा नकार दी गई कांग्रेस अब आधारहीन मुद्दों पर बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को झूठ, फरेब और नोटंकी पर आधारित बताया और कहा कि इसे जनता समझ चुकी है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने का अधिकार चुनाव आयोग का
भाजपा महामंत्री ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की निर्धारित प्रक्रिया है। इसमें मृतक व्यक्ति, दो जगह वोटर लिस्ट में नाम होने या बाहरी लोगों के नाम हटाने का कार्य किया जाता है। इस प्रक्रिया के लिए सभी राजनीतिक दलों से बीएलए—1 और बीएलए—2 फार्म बनाए गए हैं, जिनकी जांच, नाम जोड़ना या हटाना निर्वाचन आयोग का विशेषाधिकार है।
श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि यदि कोई फॉर्म अधूरा या गलत है, तो उसकी जांच और निर्णय निर्वाचन आयोग ही करेगा।
कांग्रेस पर आरोप
बगड़ी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह रोज़ाना आपत्ति और विवाद खड़ा करती है। उनका कहना है कि कांग्रेस को इस बात पर तकलीफ होती है कि नियमों के अनुसार रोंहिग्या, बांग्लादेशी या अवैद्य प्रवासियों के नाम कटते हैं। जयपुर में ऐसे घर हैं जिनमें 200 से 300 मतदाता जुड़े हैं, और यदि इनमें आपत्ति आई तो आयोग नियमानुसार जांच करेगा।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां चुप रहती है, और जहां हारती है, वहां ईवीएम, चुनाव आयोग और भाजपा पर आरोप लगाती है।”
गुटबाजी और ध्यान भटकाने की कोशिश
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने यह भी कहा कि कई बार कांग्रेस के कार्यकर्ता अपनी आपसी गुटबाजी के चलते नाम हटवाने की कोशिश करते हैं और आरोप भाजपा पर लगाकर ध्यान भटकाने का प्रयास करते हैं। बगड़ी ने राहुल गांधी पर भी आरोप लगाया कि वे देश और विदेश में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं और अनर्गल प्रलाप करते हैं, जो कांग्रेसियों की आदत बन चुकी है।