लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खेत पर जा रहे थे सभी मजदूर
भरतपुर। जिले के वैर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खेत पर काम करने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रायपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को वैर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जिला आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
ट्रॉली पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को पहले वैर अस्पताल ले जाया गया, जहां से 9 महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए जिला आरबीएम अस्पताल, भरतपुर रेफर किया गया।
आरबीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना पर घायलों को अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचीं घायलों में रायपुर निवासी धोरी पत्नी मानसिंह उर्फ दाऊजी, बयाना गेट जाटव बस्ती निवासी मछला पत्नी दिनेश, मिथलेश पत्नी वीरेंद्र जाटव, आरती पत्नी रामजीत, मोहनी पत्नी लक्ष्मण, बर्फी पत्नी मुंशीराम, हरदेई पत्नी नारायण सिंह, सत्तो पुत्र नारायण सिंह और गुड्डी पत्नी सुरेश जाटव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि धोरी पत्नी मानसिंह उर्फ दाऊजी और मिथलेश पत्नी वीरेंद्र जाटव की मौत हो चुकी है। दोनों के शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराएगी।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रायपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। वैर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना हादसे का कारण माना जा रहा है।
