लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत, 172 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
नागौर। प्रदीप कुमार डागा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नागौर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में शिक्षाविद् प्रेमलता सक्सेना के सौजन्य से महात्मा गांधी विद्या निकेतन की ओर से पुष्टिकर पंचायत भवन में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में वेदांता स्कूल, सेंट मैरी स्कूल और सन सिटी स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए ‘मोबाइल फोन आवश्यकता है या लत’ और ‘मेरा प्रिय महापुरुष’, जबकि कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए ‘शिक्षा पद्धति : कल, आज और कल’ तथा ‘मेरा सपना- विकसित भारत’ विषय रखे गए।
चित्रकला प्रतियोगिता में महात्मा गांधी, स्वच्छ भारत अभियान और महापुरुषों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। चित्रकला प्रतियोगिता में 112 और निबंध प्रतियोगिता में 60 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
निबंध प्रतियोगिता के परिणाम
समग्र शिक्षा अभियान जिला नागौर के सहायक परियोजना समन्वयक अजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में गर्विता कपूर प्रथम, आलिया परवीन द्वितीय और वीरती तृतीय रहीं।
उच्च प्राथमिक वर्ग में कविता तोषनीवाल और जीविका चौबे संयुक्त रूप से प्रथम, मीनल माथुर और प्रत्यूष फिड़ौदा संयुक्त रूप से द्वितीय तथा सोनाक्षी तृतीय स्थान पर रहीं।
चित्रकला में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में कृषिका मेहरा प्रथम, दक्ष भार्गव द्वितीय और आर्वी चौधरी तृतीय रहीं।
उच्च प्राथमिक वर्ग में हर्षिता ग्वाला प्रथम, कल्पना भाटी द्वितीय और प्रांजल सैनी तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेता विद्यार्थियों को कार्यक्रम में पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं चित्रकार इलाही बख्श खिलजी, शिक्षाविद् प्रेमलता सक्सेना, व्याख्याता बालकिशन भाटी और प्रेमचंद सांखला मंचस्थ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरोज व्यास, नलिनी खजांची, करिश्मा कपूर, शबनम बानो, स्मिता गोस्वामी, जयश्री सोनी, समिता, मोहम्मद आसिफ, पीयूष सक्सेना, पुरुषोत्तम शर्मा, मनोज जोशी और कल्प खजांची ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रेमलता सक्सेना ने अतिथियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।