लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। राजकीय महाविद्यालय उनियारा में आयोजित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के दौरान महिला नीति के तहत छात्राओं को कानूनी जानकारी प्रदान की गई। इस विशेष सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य पानमल पाहाड़िया ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नमो नारायण गौतम, अधिवक्ता एवं अध्यक्ष अभिभावक संघ, ने छात्राओं को आत्मरक्षा के कानूनी पहलुओं, महिलाओं से जुड़े अपराध—जैसे यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ आदि—से बचाव और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कानूनी साक्षरता के महत्व पर बल देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
सत्र में छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में कानूनी सहायता कैसे प्राप्त करें, तथा पुलिस और न्यायिक अधिकारियों से सही तरीके से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया क्या होती है।
प्राचार्य पानमल पाहाड़िया ने कहा कि इस सत्र का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ कानूनी रूप से भी सशक्त करना है, ताकि वे निडर होकर अपने जीवन के निर्णय ले सकें और अन्याय का सामना कर सकें।
शिविर प्रभारी दिव्या कुमारी मीणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सत्र छात्राओं के सर्वांगीण सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।