लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
साइड दबाने से हुआ हादसा, राजमार्ग पर कुछ समय के लिए रुका यातायात
लोकेशन: पीसांगन, अजमेर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन उपखंड क्षेत्र के मांगलियावास थाना क्षेत्र के ब्यावर रोड स्थित दौलतखेड़ा तिराहे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। खाद्य तेल के टिनों से भरा ट्रक एक अन्य वाहन द्वारा साइड दबाने के कारण अनियंत्रित होकर राजमार्ग पर पलट गया, जिससे ट्रक चालक घायल हो गया और तेल सड़क पर फैल गया।
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक गुजरात से जयपुर की ओर खाद्य तेल के टिन लेकर जा रहा था। इसी दौरान दौलतखेड़ा तिराहे के पास ओवरटेक करते समय ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में ट्रक में भरे सैकड़ों टिन सड़क पर बिखर गए और क्षतिग्रस्त हो गए। तेल के सड़क पर फैल जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और हाईवे पर फिसलन का माहौल बन गया।
सूचना पर मांगलियावास थाने से हेड कांस्टेबल बाबूलाल मीणा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाया और राजमार्ग पर यातायात फिर से सुचारू करवाया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। सड़क पर फैला तेल वाहनों के टायरों से चिपककर आसपास तक फैल गया, जिससे कुछ देर तक रास्ता फिसलन भरा रहा।
