लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से की बैठक
जयपुर और यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन मिलकर बढ़ाएं रत्न-आभूषण कारोबार, रोजगार के अवसर सृजित करने पर मुख्यमंत्री का जोर
जयपुर (रितु मेहरा) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान और जापान के बीच वर्षों पुराने संबंध हैं। राज्य सरकार दोनों देशों के बीच रत्न-आभूषण सहित विभिन्न उद्योगों में निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप तैयार कर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि राजस्थान में निवेशकों को अनुकूल वातावरण के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने रविवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर राजस्थान में उद्योग, निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जापानी कंपनियों के लिए राजस्थान में विशेष सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में जापानी जोन तैयार किए गए हैं, जिससे जापानी कंपनियों को उद्योग स्थापित करने के लिए अनुकूल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। 
जयपुर-यामानाशी मिलकर बढ़ाएं ज्वैलरी कारोबार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर ज्वैलरी एसोसिएशन और यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन को तकनीक, निवेश और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के जरिए रत्न एवं आभूषण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के कारोबारी मिलकर काम करेंगे तो न केवल व्यापार का विस्तार होगा, बल्कि रोजगार के अधिकाधिक अवसर भी सृजित किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में उद्योगों के विकास के लिए सरकार दीर्घकालिक रोडमैप के साथ काम कर रही है और जापान के निवेशकों के लिए राज्य में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।
जापान दौरे का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2024 में अपने जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान जापानी कंपनियों ने राजस्थान में निवेश से मिलने वाले बेहतर परिणामों और संभावनाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार जापान के निवेशकों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करती है। सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने की राजस्थान सरकार की सराहना
बैठक में जापान के कोफू सिटी के मेयर युइची हिगुची ने राजस्थान सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि जापान की करीब 180 कंपनियां राजस्थान में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर और कोफू सिटी के ज्वैलर्स मिलकर वैश्विक स्तर पर ज्वैलरी कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके अनुसार जयपुर की करीब 60 कंपनियां कोफू सिटी में ज्वैलरी कारोबार से जुड़ी हुई हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री और जापानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का अभिवादन किया।
बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, जयपुर ज्वैलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला, यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन इंटरनेशनल कमेटी के चेयरमैन नवीन सोनकिया, कोशिन कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष काजुओ मात्सुमोटो, क्रिएट ताकानो कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष चिकारा यानागिमोटो, द यामानाशी चुओ बैंक लिमिटेड के वरिष्ठ सलाहकार नकाबा शिंदो, कोफू बिल्डिंग कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन तेत्सुजी सकामोटो सहित जापान के विभिन्न उद्योग एवं प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा कोफू सिटी उद्योग विभाग के महानिदेशक ताकेयासु तनाका, कोफू सिटी वाणिज्य एवं उद्योग प्रभाग के प्रबंधक सातोशी त्सुनोदा, ईगाडो कंपनी लिमिटेड के उपाध्यक्ष तादाओ शिमुरा, क्रॉसफोर कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष अकीहिको नाइतो, कोफू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रबंधक शिगेमासा सुजुकी तथा कोफू सिटी अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रभाग के मेयर कार्यालय प्रबंधक शुनिची हागिहारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।