लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
ऑपरेशन घाटा 1000 करोड़ से घटकर 300 करोड़ पर पहुंचा, 800 नई बसों की होगी खरीद
जयपुर | 2 नवम्बर
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की वित्तीय और परिचालन स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और बेहतर प्रबंधन नीति के कारण निगम ने ऑपरेशन घाटा घटाकर एक हजार करोड़ से मात्र 300 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है।
सरकार की पारदर्शी नीतियों और संसाधनों के प्रभावी उपयोग से रोडवेज अब लाभ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शर्मा के निर्देशानुसार यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
नई बसों और अनुबंधों से रोडवेज नेटवर्क हुआ मजबूत
परिवहन विभाग के अनुसार, रोडवेज ने 810 नई बसों की खरीद और 352 बसों को अनुबंधित कर बेड़े और रूट नेटवर्क को सशक्त किया है। इसके साथ ही उन्नत मॉनिटरिंग सिस्टम और बेहतर ईंधन प्रबंधन से डीजल की खपत में कमी आई है, जिससे परिचालन व्यय में बड़ी बचत हुई है।
आने वाले समय में 800 नई बसें होंगी शामिल
निगम की वित्तीय स्थिति को और सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने 800 नई बसों की खरीद की घोषणा की है। इन बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।
सरकार का लक्ष्य रोडवेज को लाभ की स्थिति में लाना है ताकि निगम आत्मनिर्भर बन सके और प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण परिवहन सेवाएं निरंतर मिलती रहें।