लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— सड़क हादसे में घायल वृद्धा को खुद अस्पताल पहुंचाया
समाचार:
अजमेर से नितिन मेहरा।
राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। आज अजमेर में एक सड़क दुर्घटना में घायल हुई वृद्ध महिला को उन्होंने अपने राजकीय वाहन से अस्पताल पहुंचाया और खुद उसकी स्थिति की जानकारी ली।
मंत्री मदन दिलावर शनिवार को अजमेर के एकदिवसीय दौरे पर आए थे। वे स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की कार्यशाला को संबोधित करने के बाद नागौर के लिए रवाना हो रहे थे। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास एक वृद्ध महिला मोटरसाइकिल से गिरकर बेहोश हो गई।
यह देखकर मंत्री दिलावर ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और स्वयं महिला की सहायता के लिए दौड़े। उन्होंने घायल वृद्धा को अपने वाहन में बैठाकर राजकीय उप-चिकित्सा केंद्र, पुष्कर में भर्ती करवाया।
अस्पताल पहुंचने पर मंत्री दिलावर ने चिकित्सक डॉ. अभिजीत को निर्देश दिए कि वृद्ध महिला की समुचित देखभाल की जाए और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। चिकित्सक द्वारा स्थिति सामान्य बताने के बाद मंत्री दिलावर अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
घटना में घायल महिला की पहचान लाली रावत पत्नी रतनलाल रावत (उम्र 48 वर्ष), निवासी बड़ी होकड़ा, थाना पुष्कर के रूप में हुई है। वह अपने पुत्र लक्ष्मण के साथ मोटरसाइकिल पर अजमेर की ओर जा रही थी, जब चक्कर आने से वह गिर पड़ी और घायल हो गई।